जालंधर (मनप्रीत) :
वार्ड नंबर-80 में पंजाब सरकार की महत्वाकांक्षी 10 लाख रुपये हेल्थ बीमा योजना को ज़मीनी स्तर तक पहुँचाने के उद्देश्य से अग्रवाल वेलफेयर बोर्ड पंजाब के चेयरमैन व पार्षद श्री अश्वनी अग्रवाल ने अपनी टीम के साथ घर-घर जाकर नागरिकों का पंजीकरण कराया। इस अभियान के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने हेल्थ कार्ड बनवाए और सरकार की इस जनहितकारी पहल की खुले दिल से सराहना की।
इस मौके पर श्री अग्रवाल ने कहा कि जो कार्य दशकों में कोई सरकार नहीं कर सकी, वह आम आदमी पार्टी की पंजाब सरकार ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में कर दिखाया है। आज पंजाब के लगभग 3 करोड़ नागरिकों को बिना किसी शर्त, सीमा या भेदभाव के 10 लाख रुपये तक का हेल्थ कार्ड उपलब्ध कराया गया है, जिससे गंभीर बीमारी की स्थिति में परिवारों पर आर्थिक बोझ नहीं पड़ेगा।
उन्होंने जानकारी दी कि इस योजना के अंतर्गत घुटना प्रत्यारोपण, किडनी ट्रांसप्लांट, हृदय रोग, कैंसर सहित 2000 से अधिक बीमारियों का इलाज और सर्जरी पूरी तरह मुफ्त व कैशलैस है। पंजाब और चंडीगढ़ में 900 से अधिक अस्पताल इस योजना में एंपैनल्ड हैं, जिससे मरीजों को अपने ही राज्य में सुरक्षित और बेहतर उपचार मिल रहा है।
श्री अग्रवाल ने कहा कि जनता की प्रतिक्रिया यह सिद्ध करती है कि यह योजना गरीब, मध्यम वर्ग और औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए जीवन बदलने वाली साबित हो रही है। लोगों का कहना है कि अब बीमारी उनके लिए आर्थिक संकट का कारण नहीं रही।
उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान का विज़न स्पष्ट और दूरदर्शी है। यह योजना केवल वर्तमान आवश्यकताओं तक सीमित नहीं है, बल्कि भविष्य में पंजाबियों के स्वास्थ्य और कल्याण की मजबूत नींव रखती है। हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर, अस्पताल नेटवर्क, कैशलैस सुविधा और मरीज प्रबंधन को इस तरह संगठित किया गया है कि आम नागरिक को सम्मानजनक और सुरक्षित इलाज मिल सके।
अंत में, वार्ड के निवासियों ने घर-घर रजिस्ट्रेशन की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए पार्षद अश्वनी अग्रवाल और उनकी पूरी टीम का आभार व्यक्त किया।

