जय भारत मंच ने दोआबा क्षेत्र में संगठनात्मक विस्तार को दी मजबूती, कई पदाधिकारियों की नियुक्ति

जालंधर, 30 मई (TTP):
सामाजिक, सांस्कृतिक एवं राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में सक्रिय संगठन जय भारत मंच ने पंजाब के दोआबा क्षेत्र में अपने संगठनात्मक ढांचे को और अधिक मजबूत करते हुए विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्तियों की घोषणा की है। यह नियुक्तियां राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नरेंद्र शर्मा की सहमति एवं राष्ट्रीय महामंत्री अर्जुन सिंह की अनुशंसा पर की गई हैं।

संगठन द्वारा जारी नियुक्ति पत्र के अनुसार वरिष्ठ समाजसेवी राज कुमार सूरी को दोआबा क्षेत्र का प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं गुरप्रीत सिंह संधू को जिला जालंधर का अध्यक्ष, हर्ष खन्ना को उपाध्यक्ष जालंधर तथा आर्यन को फिल्लौर का प्रधान नियुक्त किया गया है।

जय भारत मंच ने अपने संदेश में कहा है कि नवनियुक्त पदाधिकारी संगठन की विचारधारा, उद्देश्यों एवं राष्ट्रहित के कार्यों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। संगठन को विश्वास है कि सभी पदाधिकारी अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, समर्पण एवं ईमानदारी के साथ करते हुए समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में उल्लेखनीय योगदान देंगे।

नवनियुक्त पदाधिकारियों को संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने, समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ने, युवाओं को राष्ट्रहित के अभियानों से जोड़ने तथा जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को व्यापक स्तर पर संचालित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

उल्लेखनीय है कि जय भारत मंच के मार्गदर्शक इंद्रेश कुमार (अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) हैं। संगठन का केंद्रीय कार्यालय नई दिल्ली में स्थित है, जबकि पंजाब कार्यालय जालंधर से संचालित किया जा रहा है। संगठन लगातार सामाजिक जागरूकता, राष्ट्रहित और जनसेवा से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य कर रहा है।