शिवसेना उत्तर भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष दीपक कम्बोज को मिली जान से मारने की धमकी की शिवसेना नेता अजय बब्बर ने की कड़ी निंदा,

पंजाब में राष्ट्रपति शासन लागू करने की मांग – काला बाबा

जालंधर/पंजाब

शिवसेना उत्तर भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री दीपक कम्बोज को हाल ही में मिली जान से मारने की धमकी की शिवसेना उत्तर भारत के आई.टी. सेल विंग के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेता अजय बब्बर ने कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे लोकतंत्र और कानून-व्यवस्था पर सीधा हमला बताया है।

अजय बब्बर एवं काले बाबे ने कहा कि पंजाब में मौजूदा समय में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। प्रदेश सरकार द्वारा “रंगला पंजाब” बनाने के बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं, लेकिन धरातल पर स्थिति बिल्कुल विपरीत दिखाई दे रही है। आज पंजाब में आम नागरिक, व्यापारी वर्ग, उद्योगपति, महिलाएं और सामाजिक संगठन स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में आए दिन हत्या, लूटपाट, गैंगवार, फिरौती और आपराधिक घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। व्यापारियों को फोन कर फिरौती मांगी जा रही है, उन्हें धमकियां दी जा रही हैं तथा कई मामलों में गोलीबारी की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। यह स्थिति अत्यंत चिंताजनक है और सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े करती है।

अजय बब्बर ने कहा कि पंजाब आज धीरे-धीरे गैंगस्टरों और अपराधियों के प्रभाव में आता दिखाई दे रहा है। आम जनता के मन में भय का माहौल पैदा हो चुका है। सड़कों पर चल रही हमारी माताएं और बहनें सुरक्षित नहीं हैं। आए दिन चैन स्नैचिंग, लूटपाट और महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार की घटनाएं सामने आ रही हैं। अपराधियों के मन से कानून का डर समाप्त होता दिखाई दे रहा है, जो किसी भी सभ्य समाज के लिए अत्यंत खतरनाक संकेत है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष दीपक कम्बोज को मिली धमकी केवल एक व्यक्ति को डराने का प्रयास नहीं है, बल्कि यह उन सभी राष्ट्रवादी और सामाजिक ताकतों को दबाने की साजिश है जो समाज की आवाज़ बनकर जनता के हितों के लिए संघर्ष कर रही हैं। शिवसेना उत्तर भारत ऐसे कायराना कृत्यों से डरने वाली नहीं है और न ही अपने सामाजिक दायित्वों से पीछे हटेगी।

अजय बब्बर एवं काले बाबे ने कहा कि पंजाब के हालात दिन-प्रतिदिन चिंता का विषय बनते जा रहे हैं। राज्य में जिस प्रकार की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, उससे लोगों के मन में भय और असुरक्षा का वातावरण पैदा हो रहा है। यदि समय रहते सरकार ने कठोर कदम नहीं उठाए तो भविष्य में हालात और अधिक गंभीर हो सकते हैं।

उन्होंने कहा कि पंजाब की पहचान भाईचारे, शांति, सद्भाव और विकास की रही है, लेकिन वर्तमान परिस्थितियां इस गौरवशाली पहचान को नुकसान पहुंचा रही हैं। प्रदेश के हिंदू वर्ग, व्यापारी वर्ग और आम नागरिकों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। सरकार का दायित्व है कि वह सभी वर्गों को सुरक्षा का विश्वास दिलाए और अपराधियों के खिलाफ बिना किसी भेदभाव के सख्त कार्रवाई करे।

अजय बब्बर एवं काले बाबे ने केंद्र सरकार से भी आग्रह किया कि पंजाब की बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर गंभीरता से ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि यदि प्रदेश सरकार अपराध और गैंगस्टरवाद पर नियंत्रण स्थापित करने में असफल साबित हो रही है तो केंद्र सरकार को संवैधानिक प्रावधानों के तहत आवश्यक कदम उठाने चाहिए ताकि प्रदेश में शांति, सुरक्षा और कानून का राज स्थापित किया जा सके।

उन्होंने मांग की कि राष्ट्रीय अध्यक्ष दीपक कम्बोज को तत्काल उच्च स्तरीय सुरक्षा प्रदान की जाए तथा धमकी देने वाले तत्वों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। साथ ही प्रदेश में सक्रिय गैंगस्टर नेटवर्क और फिरौती मांगने वाले गिरोहों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर उन्हें जड़ से समाप्त किया जाए।

अंत में अजय बब्बर ने कहा कि शिवसेना उत्तर भारत पंजाब की अमन-शांति, सामाजिक सद्भाव और जनता की सुरक्षा के लिए हमेशा संघर्ष करती रहेगी। किसी भी राष्ट्रविरोधी, समाजविरोधी और आपराधिक तत्व को पंजाब का माहौल खराब करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। संगठन जनता की आवाज़ बनकर हर स्तर पर संघर्ष करेगा और पंजाब को सुरक्षित, शांतिपूर्ण तथा विकासशील बनाने के लिए अपना योगदान देता रहेगा।
इस मोके पर उनके साथ पंजाब अध्यक्ष गुलशन कुमार, पंजाब चैयरमैंन नरिंदर मिठू, आदि शिवसैनिक उपस्थित रहे