जालंधर-अमृतसर हाईवे पर चलती कार में लगी भीषण आग, चालक बाल-बाल बचा

जालंधर। जालंधर-अमृतसर हाईवे पर शुक्रवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चलती कार में अचानक भीषण आग लग गई। यह घटना चौगिट्टी बाईपास के पास अक्षरधाम मंदिर के बाहर की बताई जा रही है। गनीमत रही कि कार चालक समय रहते बाहर निकल आया और उसकी जान बच गई।
बोनट से उठा धुआं, पलभर में लगी आग
कार चालक अश्वनी कुमार ने बताया कि वह लम्मा पिंड चौक की ओर से आ रहा था, तभी अक्षरधाम मंदिर के पास अचानक कार के बोनट से धुआं निकलने लगा। उसने तुरंत गाड़ी रोककर बोनट खोलने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं खुल पाया। इसी बीच देखते ही देखते कार में आग भड़क उठी और कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
स्थानीय युवकों ने की मदद की कोशिश
घटना के दौरान पास की एक फैक्ट्री से दो युवक मदद के लिए दौड़े आए। उन्होंने सिलेंडर की सहायता से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक लपटें इतनी तेज हो चुकी थीं कि आग पर काबू पाना संभव नहीं रहा।
फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। फायर अधिकारी विशाल ने बताया कि उन्हें चौगिट्टी बाईपास स्थित अक्षरधाम मंदिर के बाहर कार में आग लगने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
कार पूरी तरह जलकर राख, चालक सुरक्षित
आग इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह जलकर राख हो गई। बाद में क्रेन की सहायता से जली हुई कार को सड़क से हटाकर साइड में करवाया गया, ताकि यातायात सुचारू हो सके। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ और कार चालक पूरी तरह सुरक्षित है।
शॉर्ट सर्किट से लगी आग की आशंका
प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हालांकि, पुलिस और फायर विभाग मामले की विस्तृत जांच कर रहे हैं।