जालंधर: रिहायशी इलाके में स्क्रैप गोदाम में भीषण आग, 3 दमकल गाड़ियां तैनात

जालंधर (TTP): वेस्ट हलके के नाहल गांव में रिहायशी इलाके के बीच बने एक स्क्रैप गोदाम में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। गोदाम से उठती लपटें दूर-दूर तक दिखाई दे रही हैं, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि रिहायशी क्षेत्र में बने इस गोदाम को शिफ्ट कराने की मांग वे लंबे समय से कर रहे थे, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। आग की तीव्रता के चलते आसपास के घरों की दीवारों में दरारें आ गई हैं।

घटना की सूचना मिलते ही सरपंच मौके पर पहुंचे और दमकल विभाग को सूचित किया। दमकल विभाग के अधिकारी राजिंदर कुमार सहोता ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और अब तक आग पर काबू पाने के लिए 3 फायर टेंडर लगाए जा चुके हैं। आग की भयावहता को देखते हुए और गाड़ियां भी बुलाई गई हैं। एक घंटे से अधिक समय से आग बुझाने का कार्य जारी है।

सरपंच के अनुसार, गोदाम में गैस कटर से काम किया जा रहा था, इसी दौरान चिंगारी से आग भड़क उठी। बताया जा रहा है कि यह गोदाम देव डेयरी के मालिक द्वारा किराये पर दिया गया था, जहां चमड़े के जूतों का वेस्टेज सामान रखा हुआ था। ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग पर काबू पाने में दमकल कर्मियों को भारी मशक्कत करनी पड़ रही है।

सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और एहतियातन लोगों को घटनास्थल से दूर किया जा रहा है। शहर से कुछ दूरी पर होने के कारण पानी की आपूर्ति में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। दमकल विभाग और पुलिस स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।