पंजाब : शिवसेना उत्तर भारत के राष्ट्रीय प्रमुख श्री दीपक कंबोज जालंधरी एवं आई टी सेल के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अजय बब्बर ने आज पत्रकारों से बातचीत करते हुए पंजाब सरकार की नीतियों पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार द्वारा हिन्दू नेताओं की सुरक्षा में कटौती करना अत्यंत चिंताजनक और निंदनीय कदम है, जो सीधे तौर पर उनकी जान को खतरे में डालने के समान है।
शिवसेना नेताओं ने कहा कि मौजूदा समय में पंजाब के हालात किसी से छिपे नहीं हैं। प्रदेश में लगातार कानून-व्यवस्था से जुड़ी घटनाएं सामने आ रही हैं, ऐसे संवेदनशील माहौल में सुरक्षा कम करना सरकार की बड़ी लापरवाही को दर्शाता है। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि सरकार जानबूझकर हिन्दू नेताओं को असुरक्षित छोड़ रही है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
आई टी सेल के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय बब्बर ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि शिवसेना उत्तर भारत के राष्ट्रीय प्रमुख श्री दीपक कंबोज जालंधरी एवं अन्य पदाधिकारी पार्टी कार्य के लिए लगातार अलग-अलग जिलों में जाते रहते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा को कम करना उनके जीवन के साथ खिलवाड़ है।
वहीं, शिवसेना उत्तर भारत के उप राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री करन कुमार ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि पार्टी के किसी भी नेता, विशेषकर राष्ट्रीय अध्यक्ष दीपक कंबोज या आई टी सेल के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय बब्बर के साथ कोई भी अप्रिय घटना घटती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी पंजाब सरकार एवं पंजाब के डीजीपी पर होगी।
उन्होंने आगे कहा कि शिवसेना उत्तर भारत अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं की सुरक्षा को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगी। यदि सरकार ने जल्द ही इस मुद्दे पर गंभीरता नहीं दिखाई और सुरक्षा बहाल नहीं की, तो पार्टी राज्यभर में बड़े स्तर पर आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
शिवसेना नेताओं ने अंत में पंजाब सरकार से मांग की कि सभी हिन्दू नेताओं को तुरंत प्रभाव से उचित सुरक्षा प्रदान की जाए, ताकि वे बिना किसी भय के समाज सेवा और अपने राजनीतिक कार्यों को जारी रख सकें। इस मोके पर उनके साथ राष्ट्रीय प्रभारी सोनू थापर भी उपस्थित रहे


