चंडीगढ़: शिवसेना उत्तर भारत ने पंजाब में बढ़ते अपराध और बिगड़ती कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया को प्रार्थना पत्र भेजकर उनसे मुलाकात का समय मांगा है। संगठन ने इस पत्र के माध्यम से प्रदेश में आम जनता की सुरक्षा तथा हिंदू नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की है।
शिवसेना उत्तर भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष दीपक कम्बोज और आई.टी. सेल के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय बब्बर ने पत्र में कहा कि पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। प्रदेश में हत्याओं, लूटपाट, गैंगस्टर गतिविधियों और अन्य आपराधिक घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिससे आम जनता में डर और असुरक्षा का माहौल बन गया है।
पत्र में यह भी कहा गया कि पंजाब की पवित्र धरती, जो कभी शांति, भाईचारे और आपसी सद्भाव का प्रतीक मानी जाती थी, आज अपराध और गैंगस्टरवाद की घटनाओं के कारण बदनाम होती जा रही है। लगातार हो रही वारदातों से ऐसा प्रतीत होता है कि अपराधियों में कानून का डर खत्म होता जा रहा है और प्रशासन की पकड़ कमजोर पड़ती नजर आ रही है।
शिवसेना नेताओं ने विशेष रूप से हिंदू समाज के नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि हाल के समय में कई ऐसे मामले सामने आए हैं जिनमें हिंदू नेताओं को धमकियां दी गई हैं या उनके खिलाफ साजिशें रची गई हैं, जो बेहद चिंताजनक है।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया कि वर्तमान समय में पंजाब की जनता में भय और असुरक्षा का माहौल है तथा लोग अपने और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। संगठन ने राज्यपाल से आग्रह किया है कि उन्हें जल्द से जल्द मुलाकात का समय दिया जाए, ताकि पंजाब की मौजूदा स्थिति और जनता की चिंताओं को विस्तार से उनके सामने रखा जा सके।
राष्ट्रीय अध्यक्ष दीपक कम्बोज और आई.टी. सेल के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय बब्बर ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि राज्यपाल प्रदेश की शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए इस गंभीर मुद्दे को गंभीरता से सुनेंगे और आवश्यक कदम उठाएंगे।
शिवसेना उत्तर भारत ने कहा कि संगठन का उद्देश्य पंजाब में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाना, हिंदू नेताओं और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा प्रदेश में सामाजिक सद्भाव और शांति बनाए रखना है।
इस मौके पर उनके साथ राष्ट्रीय प्रभारी सोनू थापर, पंजाब अध्यक्ष गुलशन कुमार, सनी, राहुल, जोगिंदर सहित अन्य शिवसैनिक भी उपस्थित रहे।

