जालंधर, 6 जून 2026

आज जिला जालंधर के मीठा बाजार में शिवसेना उत्तर भारत द्वारा वर्ष 1984 के दौरान ऑपरेशन ब्लू स्टार में शहीद हुए वीर शहीदों की स्मृति में श्रद्धांजलि समारोह एवं हवन यज्ञ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता शिवसेना उत्तर भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री दीपक कम्बोज जी ने की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में शिवसैनिकों एवं संगठन के पदाधिकारियों ने उपस्थित होकर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उनके बलिदान को नमन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हवन यज्ञ से किया गया, जिसमें देश की एकता, अखंडता, भाईचारे और पंजाब की शांति एवं खुशहाली के लिए विशेष प्रार्थना की गई। उपस्थित शिवसैनिकों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके सर्वोच्च बलिदान को याद किया।

इस श्रद्धांजलि समारोह में विशेष रूप से पठानकोट से शिवसेना उत्तर भारत आई.टी. सेल विंग के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अजय बब्बर जी, उप राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री काला बाबा जी तथा पंजाब उप राज्य प्रमुख श्री तरलोचन नाथ जी उपस्थित हुए। सभी नेताओं ने अपने संबोधन में शहीदों के बलिदान को याद करते हुए कहा कि राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीरों का योगदान सदैव याद रखा जाएगा।

राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री दीपक कम्बोज जी ने कहा कि वर्ष 1984 का दौर पंजाब और देश के इतिहास का एक अत्यंत संवेदनशील समय था। उस कठिन समय में देश की एकता, अखंडता और कानून व्यवस्था की रक्षा के लिए जिन्होंने अपने प्राणों की आहुति दी, उनके बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि शिवसेना उत्तर भारत सदैव राष्ट्रहित, सामाजिक सौहार्द और राष्ट्रीय एकता के लिए कार्य करती रही है और आगे भी करती रहेगी।

आई.टी. सेल विंग के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अजय बब्बर जी ने कहा कि राष्ट्र विरोधी और अलगाववादी विचारधाराओं को देश की जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी। भारत की एकता और अखंडता सर्वोपरि है तथा देश को तोड़ने का सपना देखने वाली शक्तियों को लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से करारा जवाब दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंजाब प्रेम, भाईचारे और आपसी सद्भाव की धरती है तथा यहां के लोग हमेशा शांति और विकास के पक्षधर रहे हैं।

उप राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री काला बाबा जी ने कहा कि देश की सुरक्षा और राष्ट्रीय एकता के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले सभी वीरों का सम्मान करना प्रत्येक भारतीय का कर्तव्य है। वहीं पंजाब उप राज्य प्रमुख श्री तरलोचन नाथ जी ने कहा कि पंजाब ने आतंकवाद का दर्द झेला है और प्रदेश के लोगों ने शांति की कीमत को बहुत करीब से देखा है। इसलिए पंजाब के लोग कभी भी नफरत और हिंसा की राजनीति का समर्थन नहीं करेंगे।

नेताओं ने कहा कि खालिस्तानी आतंकवादियों और राष्ट्र विरोधी तत्वों की चुनौतियों का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए समाज को एकजुट रहना होगा तथा युवाओं को देशभक्ति, राष्ट्रवाद और सामाजिक सद्भाव के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करना होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह श्रद्धांजलि समारोह पूर्णतः शांतिपूर्ण, धार्मिक एवं राष्ट्रभक्ति की भावना से आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य केवल शहीदों के बलिदान को सम्मान देना और नई पीढ़ी को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित शिवसैनिकों ने देश की एकता, अखंडता और पंजाब की शांति बनाए रखने का संकल्प लिया तथा वीर शहीदों के बलिदान को सदैव स्मरण रखने का प्रण किया। इस मोके पर पंजाब राज्य चेयरमैन नरिंदर सिंह मिठू जी, जसबीर, योगराज, गुरप्रीत सिंह जी आदि शिवसैनिक उपस्थित रहे

